#सौरिख (कन्नौज)। बुधवार सुबह करीब 6 बजे #आगरा-#लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर पुलिस और बाइक सवार तीन शातिर बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह चौधरी को सूचना मिली थी कि अंतरजनपदीय मोबाइल चोरी गिरोह का मास्टरमाइंड राजीव पुत्र हुकुम सिंह निवासी कोटपुरा, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी (इटावा) अपने साथियों जितेंद्र उर्फ भूरा निवासी करहल (मैनपुरी) और साहिल निवासी इटावा के साथ किसी बड़ी वारदात की फिराक में पल्सर बाइक से जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड और सकरावा रोड के पास घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस जीप की हेडलाइट में लगी, जबकि दूसरी गोली सिपाही गजेंद्र सिंह के दाहिने हाथ (बांह के ऊपर) में लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में राजीव के दाहिने पैर में गोली लगने से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश राजीव और घायल सिपाही गजेंद्र सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है।
पुलिस ने मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल, अवैध तमंचे तथा कई जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह से पूर्व में करीब 37 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक तीनों आरोपियों के खिलाफ मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद समेत कई जनपदों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सुरेश मलिक, फॉरेंसिक टीम और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
News 21 Hindustan सौरभ सिंह तोमर #up #public
#Kannauj #Saurikh #UPPolice #Encounter #BreakingNews #AgraLucknowExpressway #CrimeNews #PoliceAction #MobileTheftGang #UttarPradesh #NewsUpdate #HindiNews