कन्नौज जिले के नगर पंचायत सौरिख में सरकारी तालाब की भूमि पर कथित अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। आरोप है कि सौरिख-सकरावा रोड स्थित कुम्हार मंडी के पास राजस्व अभिलेखों में दर्ज गाटा संख्या 94ख के सरकारी तालाब के बफर जोन में कई पक्के भवनों का निर्माण कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल संरक्षण के महत्वपूर्ण स्रोत को पाटकर समाप्त करने की कोशिश की जा रही है। उनका आरोप है कि इस पूरे मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों का संरक्षण भी प्राप्त है।
बताया जा रहा है कि मुख्य मार्ग पर खुलेआम निर्माण कार्य होने के बावजूद स्थानीय प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी भूमि और तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इस संबंध में जब नगर पंचायत सौरिख के अधिशासी अधिकारी (EO) से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस निर्माण की जानकारी नहीं है और नगर पंचायत की ओर से किसी भी निर्माण का नक्शा पास नहीं किया गया है।
अब देखना होगा कि मामला सामने आने के बाद प्रशासन जांच कर आवश्यक कार्रवाई करता है या नहीं। यदि सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण के आरोप सही पाए जाते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।