कन्नौज के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के गढ़ेपूर्वा गांव में खेत जाते समय आशा देवी को एक जहरीले सांप ने काट लिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस संख्या UP32EG4368 मौके पर पहुंची।
एंबुलेंस के ईएमटी गिरीश चंद्र ने तत्काल मरीज को प्री-हॉस्पिटल मेडिकल केयर प्रदान की। सर्पदंश वाले स्थान के ऊपर प्रेशर इममोबिलाइजेशन बैंडेज लगाया गया, पैर को स्प्लिंट से स्थिर किया गया और सांस लेने में दिक्कत होने पर सक्शन मशीन से वायुमार्ग साफ कर ऑक्सीजन थेरेपी शुरू की गई। इस दौरान पायलट नितिन कुमार ने मरीज को तेजी से अस्पताल पहुंचाया, जबकि ईआरसीपी डॉ. सुरेन्द्र के चिकित्सकीय मार्गदर्शन में लगातार उपचार जारी रखा गया।
मरीज को डॉ. भीमराव अंबेडकर मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में भर्ती कराया गया, जहां समय पर एंटी-स्नेक वेनम (ASV) सहित आवश्यक उपचार मिलने से उनकी हालत में सुधार हुआ।
मरीज के परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा की तत्परता की सराहना करते हुए ईएमटी गिरीश चंद्र, पायलट नितिन कुमार और डॉ. सुरेन्द्र का आभार जताया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि गोल्डन ऑवर में दी गई सही प्राथमिक चिकित्सा गंभीर मामलों में जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाती है।