हसेरन ब्लॉक क्षेत्र।
कांकरकुई निवासी सूरज कुमार द्वारा सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर समय-समय पर देवी–देवताओं व भगवान राम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियाँ किए जाने का विवाद रविवार को बड़ी घटना में बदल गया। चंदरपुर गांव में आयोजित एक बैठक के दौरान फिर से संदिग्ध टिप्पणियों के चलते माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सूरज कुमार लंबे समय से सोशल मीडिया पर विवादित बयानबाजी कर माहौल खराब करने की कोशिश करता रहा है। इसी मामले में सौरिख थाने में विरोध, उग्र विवाद और कई धाराओं में मुकदमे भी दर्ज हैं, लेकिन अब तक गिरफ्तारी न होने से लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही थी। पुलिस कार्रवाई न होने को लेकर लगातार सवाल उठते रहे।
रविवार को चंदरपुर में कथित अपमानजनक बयान ने आग में घी का काम किया।
गांव चंदरपुर में लेखराज शंखवार की देखरेख में भीम आर्मी की बैठक रखी गई थी, जिसमें दोपहर करीब 1:30 बजे जिलाध्यक्ष सूरज कुमार पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही सूरज कुमार ने भाषण शुरू किया, कुछ ही मिनटों में देवी–देवताओं, धार्मिक आस्था और राम मंदिर को लेकर आपत्तिजनक शब्द बोलने शुरू कर दिए।
सभा में मौजूद लोगों ने बताया कि सूरज ने कथित तौर पर ब्राह्मण और क्षत्रिय समाज पर भी भड़काऊ शब्द कहे, जिससे सभा में बैठे लोग आक्रोशित हो गए। बाहर खड़े ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया।
विरोध जताने के लिए क्षत्रिय समाज के कई लोग मौके पर पहुँच गए और बैठक को तुरंत रोकने की मांग की। दोनों पक्ष आमने-सामने आने लगे तो स्थिति बिगड़ने लगी।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल सिंह पुलिस टीम के साथ वहाँ पहुँचे। उन्होंने बताया कि बैठक बिना किसी अनुमति के आयोजित की गई थी। सभा के दौरान धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले शब्दों का प्रयोग किया गया।मौके पर पहुँचकर पुलिस ने हंगामा रोककर शांति व्यवस्था बहाल की।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में और आक्रोश देखने को मिल रहा है।
इसके बाद क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधियों ने छिबरामऊ कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी, जिसमें सूरज कुमार और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए गए। चंदरपुर निवासी पवन सिंह ने कहा कि धार्मिक भावनाओं का अपमान कर गांव में तनाव फैलाने की कोशिश की गई।
घटना को संजीदगी से लेते हुए **थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने मै पुलिस बल के सोमवार सुबह करीब 9:20 बजे कांकरकुई में सूरज कुमार के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, सूरज पर जिले के अलग-अलग थानों में कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जिनकी जांच जारी है। पुलिस अब चंदरपुर की घटना को भी गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की तहकीकात कर रही है। ग्रामीणों की मांग है कि इस तरह की घटनाओं से सामाजिक माहौल खराब होता है, इसलिए सख्त कार्रवाई की जाए।