जनपद कन्नौज के नादेमऊ कस्बे स्थित सैनिक लाइब्रेरी में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की आरती एवं वंदना के साथ हुई। इसके बाद वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। चौकी प्रभारी के नेतृत्व में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया।
कार्यक्रम में चौकी प्रभारी सहित पुलिसकर्मी, गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। बलवीर सिंह एडवोकेट, विनोद कुमार नेताजी, अजय राजपूत, सर्विंद्र कुमार, संरक्षक सत्यवीर सिंह, विनोद सिंह नेताजी सहित कई सम्मानित नागरिकों का सम्मान किया गया।
सैनिक लाइब्रेरी की खास उपलब्धि यह रही कि यहां अध्ययन करने वाले तीन भाई—सोनू यादव, हिमांशु यादव और विशाल यादव—भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा कर रहे हैं। कार्यक्रम में पहुंचने पर उन्हें भी सम्मानित किया गया।
लाइब्रेरी संचालक मनवीर सिंह एडवोकेट ने सभी छात्र-छात्राओं को बूंदी का प्रसाद वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं संरक्षक सत्यवीर सिंह ने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और देशसेवा के मार्ग पर आगे बढ़कर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
देशभक्ति गीतों, नारों और तिरंगे के साथ पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। 🇮🇳