जनपद कन्नौज के सौरिख क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत किसई जगदीशपुर स्थित राजकीय हाईस्कूल में 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस का महोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत और अन्य प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश यादव ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से बताया और उन्हें देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को फूल-मालाएं एवं मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम से बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य महेश यादव के साथ मनोज यादव, प्रियंका यादव, रामनरेश, नीलेश कुमार एवं रानू ठाकुर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।
राजकीय हाईस्कूल जगदीशपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने बच्चों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।